- जिला स्तरीय वॉलीबाॅल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आज
बरेली। जिला स्तरीय वॉलीबाॅल प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को किया गया। इसमें आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। स्टेडियम-ए और एयरफोर्स की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। अब बृहस्पतिवार को दोनों टीमों के बीच खिताबी जंग होगी।
पहले मुकाबले में सेक्रेड हार्ट ने स्टेडियम-बी टीम को 2-1 से हराया। दूसरे मैच एकतरफा रहा। सेंथल की टीम ने करमपुर को 2-0 से मात दी। तीसरे मैच में एयरफोर्स ने लगातार सर्विस करते हुए अंक प्राप्त किए और क्यारा ब्लॉक की टीम को 2-0 से हराया। चौथे मैच में स्टेडियम-ए की टीम ने क्रिएशन पब्लिक स्कूल को 2-0 से मात दी।
पहला सेमीफाइनल मैच सेंथल व एयरफोर्स के मध्य खेला गया। इसमें एयरफोर्स की टीम ने 25-19 से पहला सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में सेंथल की टीम ने 25-9 से वापसी की। तीसरे व निर्णायक सेट में 15-11 से जीत दर्ज कर एयरफोर्स की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में स्टेडियम-ए ने लगातार दो सेट जीतकर सेक्रेड हार्ट को मात दी। संवाद