लापरवाही पर थाना प्रभारियों को फटकार लगाई
बरेली। लॉकडाउन बढ़ने के बाद शासन ने सोमवार से कुछ उद्यमों और कार्यालयों को सशर्त कामकाज की छूट दे दी है। सरकारी दफ्तरों में कई दिनों से बंद कामकाज के फिर से शुरू होने पर अधिकारियों ने पहले दिन व्यवस्थाएं देखीं। एसएसपी ने पीआरओ के साथ निजी कार से शहर में घूमकर लॉकडाउन का जायजा लिया। शहर में कई जगह लापरवाही मिलने पर संबंधित थाना प्रभारियों की फटकार लगाई।
कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ने के चलते शासन ने लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ा दिया है। इस दौरान उद्योग और सरकारी कार्यालय भी बंद थे। शासन ने सोमवार से कुछ उद्योगों और सरकारी विभागों में कामकाज की सशर्त अनुमति दे दी। लिहाजा सोमवार को शहर की सड़कों पर ज्यादा भीड़ नजर आई। पुलिस, प्रशासन के अधिकारी व्यवस्थाएं देखने सड़कों पर निकले। सुबह के वक्त पुलिस भी कार्रवाई करने से कुछ हिचकती नजर आई।
दोपहर दो बजे के करीब शहर में लॉकडाउन का जायजा लेने के लिए एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय निजी कार में पीआरओ के साथ निकले। उन्होंने आईवीआरआई रोड, प्रेमनगर और अन्य स्थानों पर चेकिंग की। गैरजरूरी दुकानों को बंद कराया। साथ ही बिना मास्क लगाए घूम रहे लोगों को पकड़कर महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई के आदेश दिए। कई इलाकों में लापरवाही मिलने पर संबंधित थाना प्रभारियों को फटकार भी लगाई।
लॉकडाउन पूरी सख्ती के साथ लागू रहेगा। सरकारी कार्यालयों के अलावा कुछ उद्योगों के स्टाफ को काम करने की सशर्त अनुमति दी गई है। फिजूल में किसी को सड़कों पर घूमने की इजाजत नहीं है। नियम तोड़े तो कई धाराओं में रिपोर्ट कर जेल भेजा जाएगा। - शैलेश पांडेय, एसएसपी