लोगों से सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील
एसएसपी ने लोगों से कहा कि सभी को सीसीटीवी लगवाने चाहिए। सीसीटीवी कैमरा की वजह से अपराधियों को पहचान कर जल्द पकड़ा जा सकता है। सभी ग्राम प्रधान पंचायत घर, गांव के मुख्य मार्गो, प्राइमरी स्कूल पर व गांव के धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, जिससे अपराध रोका जा सके। अपराध करने वाले अपराधियों को चिन्हित कर जेल भेजा जा सके।
साइबर सुरक्षा के बताए उपाय
एसएसपी ने कहा कि किसी को भी बैंक डिटेल ना बताएं। कोई भी बैंक कभी फोन कॉल पर बैंक अकाउंट डिटेल नहीं मांगती। ना ही कोई जांच एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से बयान लेती है। अगर कोई भी पुलिस अधिकारी बनकर किसी को वीडियो कॉल के माध्यम से जांच करने की बात कह कर उसे डराता है तो सीधे अपने नजदीकी थाने शिकायत करें क्योंकि कोई भी जांच एजेंसी या जांच अधिकारी वीडियो कॉल के माध्यम से बयान दर्ज नहीं करता। साइबर ठगों द्वारा अगर कोई किसी प्रकार से किसी के अकाउंट से रुपये निकाल लिए जाते हैं तो तत्काल 1930 पर कॉल कर अपनी रकम फ्रीज करा दें।
इनको किया निलंबित
फरीदपुर थाने के उपनिरीक्षक सुरेश कुमार पटेल पर तीन मुकदमे पिछले तीन माह से लंबित हैं। उन्होंने एक भी पर्चा विवेचना के दौरान नहीं काटा। साक्ष्य एप भी मोबाइल में डाउनलोड नहीं किया। पांच वसूली वारंट बिना वसूली के ही वापस कर दिए। इस पर एसएसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया। वहीं उप निरीक्षक परमेंद्र पवार ने आईजीआरएस पर आई शिकायत का फर्जी निस्तारण कर दिया। उन्होंने पीड़ित का फर्जी फोटो व फर्जी बयान भी अपलोड कर दिए। जांच में निस्तारण गलत पाया गया, जिस पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया। थाने के डाक मुंशी राजकुमार का कार्य पूर्ण न होने पर उन्हें ओआर में दंडित करने के निर्देश दिए गए।
अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मी पुरस्कृत
एसएसपी ने अच्छा कार्य करने वाले थाने के एसएसआई सत्येंद्र चौहान, उप निरीक्षक कामिल, कांस्टेबल मेघश्याम, महिला कांस्टेबल रोबिन व मोनिका को पुरस्कृत किया।