बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य ने बहेड़ी थाने में तैनात सिपाही अंकुश खन्ना को निलंबित कर दिया। सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जानिए क्या है मामला...
बरेली के बहेड़ी थाने में शिकायत पर कार्रवाई न करने और शिकायतकर्ता से गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने के आरोप में एसएसपी अनुराग आर्य ने सिपाही अंकुश खन्ना को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला ने 23 अक्तूबर को बहेड़ी थाने में शिकायत दी थी। शिकायत जनसुनवाई रजिस्टर में दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इस पर महिला 28 अक्तूबर को दोबारा एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और कार्रवाई न होने की शिकायत की।
मामले में जांचकर्ता सिपाही अंकुश खन्ना पर लापरवाही और पद के दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन न करने के आरोप सामने आए। प्रथम दृष्टया लापरवाही, अनुशासनहीनता और कदाचार मानते हुए एसएसपी ने सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।