सबसे ज्यादा लापरवाही बारादरी, कैंट और इज्जतनगर थानों में
एसएसपी अनुराग आर्य ने जिन 57 सब इंस्पेक्टरों के खिलाफ जांच का आदेश दिया है, उनमें सबसे ज्यादा बारादरी और इज्जतनगर थानों में हैं। बारादरी थाने के आठ, कैंट, बहेड़ी और इज्जतनगर के सात-सात दरोगा लापरवाह हैं। इसके अलावा कोतवाली में चार, प्रेमनगर में तीन, फरीदपुर में चार, मीरगंज व भमोरा में तीन-तीन, आंवला, देवरनियां, फतेहगंज पश्चिमी में एक-एक और भोजीपुरा थाने में दो दरोगाओं का काम मूल्यांकन में ठीक नहीं पाया गया है। इन सभी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
कई लापरवाहों के हवाले शहर के संवेदनशील इलाके
जिन दरोगाओं के खिलाफ जांच का आदेश दिया गया है उनमें कई ऐसे हैं जिनकी तैनाती शहर के संवेदनशील इलाकों में है। इस बार होली और रमजान साथ-साथ होने के कारण पुलिस-प्रशासन अभी से तैयारियों में जुटा है। इन्हीं तैयारियों के बीच जनवरी में ही सभी थानों में तैनात उप निरीक्षकों के काम का मूल्यांकन कर लिया गया है। इनमें जिन 57 उप निरीक्षकों के खिलाफ जांच का आदेश दिया गया है उनके खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले भर के थानों में उप निरीक्षकों के काम का एक से 31 जनवरी तक मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन के बाद लापरवाही बरतने वाले 57 उप निरीक्षकों के खिलाफ जांच का आदेश दिया गया है। 265 को सचेत करते हुए चेतावनी जारी की गई है।