बरेली में मोबाइल फोन लूट की घटना के बाद धाराओंं में खेल और फिर कैफे कांड में लापरवाही करना प्रेमनगर थाने के इंस्पेक्टर को भारी पड़ गया। सीओ प्रथम की जांच रिपोर्ट पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया।
बरेली में महिला मनोविज्ञानी के घर में घुसकर दिनदहाड़े मोबाइल फोन लूट की वारदात को कई दिन दबाए रहने और बाद में छिनैती की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने व अपराध नियंत्रण में फेल इंस्पेक्टर प्रेमनगर राजबली को एसएसपी अनुराग आर्य ने शनिवार को लाइन हाजिर कर दिया। दि डेन कैफे में बजरंग दल कार्यकर्ताओं की तरफ से की गई मारपीट के मामले में भी इंस्पेक्टर की लापरवाही सामने आई थी। उनके स्थान पर यूपी 112 में तैनात इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को थाने का चार्ज दिया गया है।
विज्ञापन
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर स्थित पीडब्ल्यूडी आवास विकास कॉलोनी निवासी मनोविज्ञानी रेनू के घर में घुसकर 22 दिसंबर को एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन लूट लिया था। चार दिन के बाद प्रेमनगर पुलिस ने छिनैती की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद 28 दिसंबर को अपने दोस्तों के साथ कैफे में जन्मदिन मना रहीं छात्राओं को लेकर बवाल हो गया था। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने लव जिहाद का आरोप लगाते हुए कैफे में तोड़फोड़ कर दी थी। छात्रा के दोस्तों से मारपीट की गई थी। इस मामले में थाना पुलिस ने लापरवाही बरती।
एसएसपी अनुराग आर्य ने दोनों मामलों में सीओ प्रथम आशुतोष शिवम से जांच कराई तो इंस्पेक्टर राजबली की लापरवाही सामने आई। सीओ की जांच रिपोर्ट के बाद एसएसपी ने इंस्पेक्टर राजबली को लाइन हाजिर कर दिया है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को प्रेमनगर थाने का चार्ज दिया गया है।