बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय अंडर- 14 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार को एसआरएमएस बनाम स्टेडियम बरेली की टीम के मध्य खेला गया। आठ विकेट से मुकाबला जीतकर एसआरएमएस की टीम विजेता बनीं। फाइनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच एसआरएमएस के अजीत बने।
टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब स्टेडियम के आदित्य मिश्रा को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज स्टेडियम के सुमित व गेंदबाज का खिताब एसआरएमएस के अजीत को मिला। इसके साथ ही विधान पांडे, हर्षित व पल्लव सिंह को उभरते हुए खिलाड़ी के पुरस्कार से नवाजा गया। फाइनल मुकाबले में एसआरएमएस टीम ने टॉस जीतकर स्टेडियम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया।
स्टेडियम की टीम 15.4 ओवर में 56 रनों पर ही ढेर हो गई। आदित्य मिश्रा ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। एसआरएमएस टीम के अजीत वर्मा व वैभव ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने के लिए मैदान में उतरी एसआरएमएस की टीम ने 13.1 ओवर में ही दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। हिमांशु गंगवार ने 28 व वैभव ने 10 रनों का योगदान दिया।
विजेता टीम को मुख्य अतिथि प्रशांत पांडे, डॉ. राहुल सिंह व आरएसओ जितेंद्र यादव ने पुरस्कृत किया। मुकाबले में अंपायरिंग अर्पित गंगवार, मोहित कुमार, स्कोरिंग यश शर्मा, बंटी मौर्य ने की।