बरेली। एसआरएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रही श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी- 20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवें दिन दो मुकाबले खेले गए। इसमें पहला मुकाबला एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी और हाईटेक हॉस्पिटल वाराणसी के बीच खेला गया। एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी के कप्तान अनंत भटनागर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओपनर हर्ष राणा और तुषार ने चार ओवरों में 51 रन बनाया। हर्ष राणा ने 40 रन, तुषार ने 45 रन और कप्तान अनंत ने 47 रन बनाएकर टीम का स्कोर 191 तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हाईटेक हॉस्पिटल वाराणसी के लिए सिद्धांत सिंह ने 29 रन और रोशन चौहान ने 56 रनों की पारी खेली। निर्धारित ओवरों में हाईटेक हॉस्पिटल की टीम आठ विकेट के नुकसान पर 125 रन ही बना सकी। इस मौके पर एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी ने 66 रन से मैच जीत लिया। हाईटेक के तीन खिलाड़ियों को आउट करने के लिए गोल्डी मलिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला ठेकेदार इलेवन बरेली और एसजी कैंट मेरठ के बीच हुआ। ठेकेदार इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ठेकेदार इलेवन ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए।
विकास सिंह ने 48 गेंदों पर नौ चौकों और पांच छक्काें की मदद से 93 रन बनाए। जवाब में एसके कैंट मेरठ ने भी सधी हुई और तेज शुरुआत की। इसमें एसजी कैंट के यशु प्रधान ने 52 रन, सत्यम संगू ने नाबाद 34 रन और दिव्यांश राजपूत ने नाबाद 33 रनों का योगदान दिया।
तीन विकेट खोकर 170 बनाकर ठेकेदार इलेवन को सात विकेट से पराजित किया। एसजी के लिए चार विकेट लेने वाले प्रथम सलूजा को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। 24 फरवरी को पहला मुकाबला सुबह नौ बजे से एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी और स्पोर्ट्स स्टेडियम बरेली के बीच खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला दोपहर 12.30 बजे से एसजी कैंट मेरठ और राजश्री क्लब बरेली के मध्य होगा। संवाद