दो विकेट लेने वाले अभिषेक को मिला मैन ऑफ द मैच का खिताब
बरेली। ब्रोसिड की ओर से राकेश कुमार द्विवेदी एडवोकेट की स्मृति में निशांत पटेल स्पोर्ट्स हब में बुधवार को क्रिकेट मुकाबले का आयोजन किया गया। इसमें एसआरडी स्पोर्ट्स ने स्किटल्स वॉरियर्स को रोमांचक मुकाबले में अंतिम गेंद पर तीन विकेट से मात दी।
एसआरडी स्पोर्ट्स के कप्तान अंबुज द्विवेदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। स्किटल्स वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 192 रन बनाए। दिलप्रीत ने 35 गेंदों में 55, जॉन्टी ने 16 गेंदों पर नाबाद 37 और गौरव ने 21 गेंदों पर 42 रनों की पारी खेली। एसआरडी स्पोर्ट्स के अभिषेक प्रताप ने दो विकेट लिए।
एसआरडी स्पोर्ट्स ने आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल किया। सुनील वर्मा ने 30 और राहुल दिवाकर ने 46 रनों का योगदान दिया। स्किटल्स वॉरियर्स की ओर से गौरव कन्नौजिया और गौरव सूद ने दो-दो विकेट झटके।
दमदार गेंदबाजी के लिए एसआरडी स्पोर्ट्स के अभिषेक प्रताप को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। पूर्व कोच ओपी कोहली, ब्राेसिड की निदेशक सुनीता, एसआरडी स्पोर्ट्स के डायरेक्टर अनिल द्विवेदी की ओर से खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। संवाद