बरेली। एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईटी) की ओर से आयोजित श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स में बृहस्पतिवार को दो मुकाबले खेले गए। इस मौके पर एसआर इंटरनेशनल स्कूल के कप्तान शुभ गंगवार की घातक गेंदबाजी के आगे हांडा पब्लिक स्कूल के बल्लेबाज बेअसर दिखाई दिए।
टूर्नामेंट में दिन का पहला मुकाबला ग्रुप-ए की एसआर इंटरनेशनल स्कूल और हांडा पब्लिक स्कूल के बीच हुआ। मुकाबले में एसआर इंटरनेशनल स्कूल ने हांडा पब्लिक स्कूल को 81 रनों से मात दी। इस दौरान हांडा पब्लिक स्कूल के कप्तान अभिजय ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसआर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 139 रन बनाए। इसमें प्रतीक पाल ने 46 गेंदों पर 48 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांडा पब्लिक स्कूल की टीम 10.3 ओवरों में 58 रन के स्कोर पर ही ऑलआउट हो गई। एसआर इंटरनेशनल के कप्तान शुभ गंगवार ने पांच विकेट हासिल किए। मुकाबले में एसआर इंटरनेशनल स्कूल ने हांडा पब्लिक स्कूल को 81 रन से पराजित किया। दमदार गेंदबाजी के लिए एसआर इंटरनेशनल स्कूल के कप्तान शुभ गंगवार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सेक्रेड हार्ट्स ने छह विकेट से जीत हासिल की
दिन का दूसरा मुकाबला ग्रुप- बी के जेपीएम स्कूल और सेक्रेड हार्ट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बीच में खेला गया। इसमें सेक्रेड हार्ट्स के कप्तान सारांश ने टॉस जीतकर जेपीएम की टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मुकाबले में सेक्रेड हार्ट्स के गेंदबाजों ने जेपीएम के बल्लेबाजों के छक्के छुड़ा दिए। जेपीएम की टीम 12.4 ओवरों में ऑलआउट हो गई और मात्र 59 रन ही बना सकी। कप्तान रेहान ने 16 रन बनाए। सेक्रेड हार्ट्स के आरुष गुप्ता और हार्दिक जैन ने तीन-तीन विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेक्रेड हार्ट्स की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 11.3 ओवरों में 63 रन बनाकर लक्ष्य पूरा कर लिया। अभिनव ने छक्का लगाकर विजयी रन बनाए। इसके साथ ही सेक्रेड हार्ट्स की टीम ने छह विकेट से जीत हासिल की। सेक्रेड हार्ट्स के ऑलराउंडर हार्दिक को 10 गेंदों पर तीन विकेट लेने और नाबाद नौ रन बनाने के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। संवाद
टूर्नामेंट में आज-
- ग्रुप-ए में बेदी इंटरनेशनल स्कूल बनाम दिल्ली पब्लिक स्कूल सुबह आठ बजे से
- ग्रुप-बी में आदर्श निकेतन स्कूल बनाम नेशनल पब्लिक स्कूल दोपहर 12 बजे से