बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की मेजबानी में गुुरुवार को खेली गई महिला वर्ग की अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का खिताब बरेली कॉलेज की झोली में गया। फाइनल मुकाबले में बरेली कॉलेज ने विश्वविद्यालय को 2-0 से करारी शिकस्त दी। इस मौके पर विश्वविद्यालय की टीम का चयन भी किया गया।
प्रतियोगिता में आठ कॉलेजों के 40 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पहला मुकाबला बरेली कॉलेज और हिंदू कॉलेज मुरादाबाद के बीच हुआ। इस रोमांचक मुकाबले में बरेली कॉलेज ने 2-1 से जीत हासिल की। दूसरे मुकाबले में जीडीएचजी कॉलेज मुरादाबाद और एसएस लॉ कॉलेज शाहजहांपुर की टीमें आमने-सामने थी। बाजी एसएस कॉलेज ने मारी और मुकाबला 2-0 से अपने नाम किया। तीसरे मुकाबले में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी राजकीय महिला कॉलेज और ज्योति कॉलेज बरेली की भिड़ंत हुई। ज्योति कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की। अगले मैच में साहू राम स्वरूप महिला और विश्वविद्यालय की टीम के बीच मुकाबला हुआ। विश्वविद्यालय खिलाड़ियों ने 2-0 से शानदार जीत दर्ज की। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले हुए। पहले मुकाबले में बरेली कॉलेज ने एसएस कॉलेज शाहजहांपुर को 2-0 से और दूसरे सेमीफाइनल में विश्वविद्यालय की टीम ने अवंतीबाई कॉलेज को 2-0 से हराया। फाइनल की जंग बरेली कॉलेज और विश्वविद्यालय के बीच हुई। इसमें बरेली कॉलेज के खिलाड़ी हावी रहे और मुकाबला 2-0 से अपने नाम किया। क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर एके जेटली ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान डॉ. हेम कुमार गौतम, ओपी मिश्रा, जहीर अहमद, संजीव कुमार, रोहित, राज बहादुर और रामप्रीत आदि मौजूद रहे।
विवि की टीम में छह खिलाड़ी चयनित
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले छह खिलाड़ियों का चयन एलपीयू जालंधर में होने वाली नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के हुआ। हालांकि इसमें पांच खिलाड़ियों को ही खेलने के लिए भेजा जाएगा। चयन टीम में राधिका रस्तोगी हिंदू कॉलेज मुरादाबाद, अनामिका और अल्कमा जैदी बरेली कॉलेज, चारू चौहान साहू राम स्वरूप, नितिशा और कीर्ति शाही विवि कैंपस का चयन हुआ है।