बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय खेलकूद के नाम पर खानापूर्ति कर हर साल करोड़ों रुपये का बजट ठिकाने लगा रहे हैं। मगर विश्वविद्यालय प्रशासन का इस पर कोई ध्यान नहीं है। हालात यह हैं कि जिम्नास्टिक की अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए सिर्फ तीन कॉलेजों ने ही आवेदन किया है। अगर टीमें नहीं बढ़ीं तो यह प्रतियोगिता निरस्त हो सकती है।
इन दिनों प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) की ओर से खेल प्रतियोगिताएं चल रही हैं। मगर रुहेलखंड विश्वविद्यालय में इन प्रतियोगिताओं की स्थिति बहुत खराब है। अंतर महाविद्यालय स्तर पर अब तक कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हो चुका है, लेकिन इनमें गिने-चुने कॉलेजों की उपस्थिति ही देखने को मिली है। अब 19 अक्तूबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतर महाविद्यालयीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इसमें शामिल होने वाली टीमों से 17 अक्तूबर तक आवेदन मांगे गए थे। मगर यहां सिर्फ बरेली कॉलेज, लोटस इंस्टीट्यूट और आरपी डिग्री कॉलेज ने ही आवेदन किया है, जबकि बरेली एवं मुरादाबाद मंडल में 550 से अधिक कॉलेज विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं।
प्रतियोगिता के लिए पांच टीमें अनिवार्य
विश्वविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी प्रो. एके जैतली ने बताया कि नियमानुसार अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए कम से कम पांच टीमें अनिवार्य हैं। मगर जिम्नास्टिक में अब तक तीन टीमों ने ही आवेदन किया है। ऐसे में अगर टीमों की संख्या नहीं बढ़ी तो इस प्रतियोगिता को निरस्त कर दिया जाएगा और ट्रायल कराकर विश्वविद्यालय की टीम चुन ली जाएगी।