बरेली। 49वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप इस बार हिमाचल प्रदेश के नाम हो गई। रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में उलटफेर करते हुए चार बार के विजेता रेलवे के 24 के मुकाबले 27 गोल कर हिमाचल प्रदेश ने ट्राफी पर कब्जा जमा लिया।
जिला ओलंपिक संघ के तत्वावधान में आयोजित 49वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप का फाइनल काफी रोचक रहा। शुरू से मैच कांटे का रहा और दोनों टीमें अपने अपने दांव आजमाती रहीं। पंद्रह गोल तक दोनों टीमें एक के बाद एक गोल करती रही। यह सिलसिला बीस गोल तक चला। इस वक्त तक किसी की जीत का अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल था। इसके बाद हिमाचल प्रदेश ने तेजी से गोल करना शुरू किए और चार गोल की बढ़त बना ली। इस पर इंडियन रेलवे के खिलाड़ियों ने भी दम दिखाया और चार गोल कर टीम को फिर बराबरी पर ला दिया लेकिन इसी बीच हिमाचल प्रदेश की टीम ने तीन गोल और कर दिए।
24 के मुकाबले 27 गोल कर हिमाचल प्रदेश ने इंडियन रेलवे से जीत छीन ली। इस चैंपियनशिप में हरियाणा और उत्तर प्रदेश की टीम संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर रही। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने विजेता टीम को ट्राफी सौंपी और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मैच शुरू होने से पहले मेयर उमेश गौतम, डीएम नीतिश कुमार ने सभी खिलाड़ियों से परिचय कर उनका हौसला बढ़ाया। इस मौके पर जिला ओलंपिक संघ के चेयरमैन विनय खंडेलवाल, राष्ट्रीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. आनंदेश्वर पांडेय, यूपी हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष आशीष गुप्ता, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार, मीडिया प्रभारी मारफत रजा समेत अन्य मौजूद रहे। मैच की कमेंट्री शिल्पी दीक्षित ने की।
दोनों टीमों के कोच पति-पत्नी
49वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप फ ाइनल खेलने वाली दोनों टीमें हिमाचल प्रदेश और इंडियन टीम के कोच एक दंपती है। इंडियन रेलवे की टीम को राहुल चौधरी कोचिंग देते हैं तो हिमाचल प्रदेश की टीम को स्नेहलता कोच करती है। दोनों कोच मैच के दौरान अपनी टीम के खिलाड़ियों को जीत के टिप्स दे रहे थे। दोनों ही हैंडबाल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं।