बरेली। ग्राउंड तैयार न होने की वजह से रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली 45वीं अंतर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स महिला-पुरुष प्रतियोगिता फिर से टल गई है। प्रतियोगिता 23-25 नवंबर के बीच आयोजित कराई जानी थी।
एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) की खेल प्रतियोगिताओं के क्रम में 17 अक्तूबर से रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 45वीं महिला-पुरुष एथलेटिक्स प्रतियोगिता कराई जानी थी। मगर विश्वविद्यालय के स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक तैयार नहीं था, लिहाजा तिथि आगे बढ़ा दी गई। विश्वविद्यालय का यह ट्रैक इसके बाद भी तैयार नहीं हो पाया तो कच्चे मैदान में प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया गया। कुलपति आवास के पास ही खेत में ग्राउंड बनाने का काम शुरू करते हुए प्रतियोगिता के लिए 23-25 नवंबर की संभावित तिथि तय की थी। इसके बाद भी ग्राउंड तैयार नहीं हो सका, जिसके चलते प्रतियोगिता को एक बार फिर टाल दिया गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अब तक पुरुषों की 24 और महिलाओं की 18 टीमें पंजीकरण करा चुकी हैं। क्रीड़ा विभाग के प्रभारी डॉ. हेम गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता की नई तिथि जल्दी ही घोषित की जाएगी।