बरेली। बिशप मंडल इंटर कॉलेज के तत्वावधान में शनिवार को सीनियर और सब जूनियर बालक की मंडलीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज में हुआ। मंडल के चारों जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें सीनियर और सब जूनियर वर्ग में पीलीभीत ने बरेली को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
सीनियर वर्ग का पहला सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। पीलीभीत और बदायूं की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन पीलीभीत की टीम ने बदायूं के खिलाड़ियों हराकर फाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल का दूसरा मुकाबला बरेली और शाहजहांपुर की टीम के बीच हुआ। इसमें बरेली के खिलाड़ियों ने शाहजहांपुर को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में पीलीभीत ने बरेली को हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया।
सब जूनियर में क्रमश: पीलीभीत ने बदायूं और बरेली ने शाहजहांपुर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में पीलीभीत ने बरेली को हराकर यह खिताब भी अपने नाम किया। मुकाबले से पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला क्रीड़ा सचिव, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र वर्मा और बिशप मंडल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जगमोहन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता का संचालन राजकीय इंटर कॉलेज के क्रीड़ा प्रभारी नईम अहमद ने किया। इस दौरान दिनेश राठौर, केपी सिंह, शाहिद रजा अनिल व अन्य मौजूद रहे।