बरेली। शैक्षिक सत्र 2019-20 में सेमेस्टर पाठ्यक्रम की परीक्षा के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने तैयारी शुरू कर दी है। इन सभी कोर्स के परीक्षा फॉर्म 13 सितंबर से ऑनलाइन भरे जाएंगे और परीक्षा फीस भी ऑनलाइन ही जमा करनी होगी।
विश्वविद्यालय कैंपस और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित सेमेस्टर पाठ्यक्रम एलएलबी (थ्री ईयर, फाइव ईयर), बीएससी (कृषि), बीकॉम (वित्त/वित्तीय सेवा), बीबीए, बीसीए, पीजीडीसीए, एमएसडब्ल्यू, बी.लिब, एम.लिब के विषम सेमेस्टर एक, तीन, पांच, सात और नौ की परीक्षा के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने तैयारी शुरू कर दी है। इन पाठ्यक्रम के परीक्षा फार्म 13 सितंबर से 29 सितंबर तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन भरे जाएंगे और परीक्षा फीस जमा की जाएगी। परीक्षा फीस डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग आदि के माध्यम से जमा की जाएगी। फॉर्म भरने के बाद छात्र-छात्राएं 30 सितंबर तक उसकी हार्ड कॉपी संबंधित डिग्री कॉलेज में जमा कर सकेंगे। इसके बाद तीन अक्तूबर तक डिग्री कॉलेज इन फॉर्म को ऑनलाइन सत्यापित करेंगे और पांच अक्तूबर तक विश्वविद्यालय में जमा कर सकेंगे। इसके अलावा वर्ष 2019 की मुख्य परीक्षा के संस्थागत और भूतपूर्व छात्र इसके साथ ही बैक/परीक्षा सुधार, छूटी हुई प्रयोगात्मक परीक्षा के फार्म भी इसके साथ ही भर सकेंगे। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह ने दी है।