बरेली। जिला भारोत्तोलन संघ की ओर से 29 अगस्त को जिला भारोत्तोलन चैंपियनशिप (बालक और बालिका) का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विजय कुमार के निर्देशन में सब जूनियर और जूनियर चैंपियनशिप सुबह नौ बजे से आयोजित होगी। चैंपियनशिप की जानकारी देते हुए जिला भारोत्तोलन संघ बरेली के महासचिव राम प्रकाश यादव उर्फ नीरू ने बताया कि चैंपियनशिप के विजेता 13 सितंबर से 15 सितंबर तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश भारोत्तोलन प्रतियोगिता में शामिल होंगे। उन्होंने चैंपियनशिप के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए प्रशिक्षक हरिशंकर से खिलाड़ियों को संपर्क करने का सुझाव दिया है।