बरेली। जन्माष्टमी जुलूस में विवाद की आशंका में पुलिस एक पक्ष की शिकायत पर डीजे जब्त किया तो डेढ़ घंटे बाद ही गांव के दूसरे छोर पर इसकी प्रतिक्रिया देखने को मिली। लड़कों की कहासुनी के बाद इकट्ठे हुए दोनों पक्षों के लोगों में मारपीट और पथराव हो गया। तनातनी के कारण पहले से मौजूद फोर्स ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। पीड़ितों को जिला अस्पताल भेज पुलिस ने आरोपी पक्ष के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इज्जतनगर थाने में 17 नामजदों समेत कुछ अज्ञात हमलावरों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इज्जतनगर के मुड़िया अहमद के गांव चावड़ में शनिवार दोपहर बाद जन्माष्टमी जुलूस के साथ कुछ लोग डीजे बजाते हुए निकल रहे थे। दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने एतराज जताते हुए पुलिस को सूचना दी। विवाद की आशंका पर इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ थर्ड कुलदीप कुमार भी पहुंचे। वहां से डीजे पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया। साथ ही संचालकों की भी जानकारी की। मामला शांत होने के बाद भी फोर्स गांव में तैनात रखी गई। शाम ढले गांव के दूसरे कोने पर एक पक्ष के कुछ लड़के आपस में ही डीजे जब्त होने की घटना पर आपत्ति जताते हुए बातें करने लगे। वे कह रहे थे कि इन लोगों के जानवर उनके खेतों में घुस जाते हैं, अब उन जानवरों को नहीं घुसने देंगे। बताते हैं आसपास रहने वाले दूसरे समुदाय के लड़कों ने उनकी बात सुनी तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। लड़ाई इतनी बढ़ गई की दूसरे पक्ष के कई लोग इकट्ठा हो गए और मारपीट करने लगे। इसमें गांव के बाबू सिंह, उनका भाई तेजपाल और भतीजा भगवत घायल हो गए। बीचबचाव करने पहुंची बाबू की भाभियां जावित्री देवी और हीराकली भी मामूली रूप से चोटिल हुईं। हालांकि आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उनके घर में घुसकर हमला किया और तोड़फोड़ की। फोर्स के पहुंचते ही सभी भाग निकले, पुलिस ने इनमें से चार को पकड़ लिया।
विवाद की आशंका पर डीजे जब्त कर लिया गया था। वो मामला पूरी तरह शांत हो गया था। शाम को लड़कों में हुई कहासुनी में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। कुछ आरोपियों को पकड़ा गया है, बाकियों की तलाश की जा रही है। सभी पर रिपोर्ट दर्ज कर रहे हैं। हाईकोर्ट के नियम का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। - कुलदीप कुमार, सीओ थर्ड