फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सपा दफ्तर में सन्नाटा, संशय में सपाई

Wed, 26 Oct 2016 01:18 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शाहजहांपुर
विज्ञापन
SP office in silence, unsure Spai - फोटो : बरेली, अमर उजाला
विज्ञापन
लखनऊ में चल रहे टकराव के बाद से जिले के सपा नेता और कार्यकर्ता सन्नाटे में हैं। सपा के मिशन कंपाउंड स्थित कार्यालय में भी अजीब सी खामोशी पसरी हुई है। मंगलवार को लखनऊ से जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव और महानगर अध्यक्ष जफर बेग समेत विधायक लौट आए लेकिन किसी ने भी अन्य दिनों की तरह पार्टी कार्यालय पर जाने की जरूरत नहीं समझी। मंगलवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कार्यालय में रोजाना की तरह भीड़भाड़ जैसी स्थिति होने के बजाय जिला महासचिव संजीव यादव बैठे पांच-छह लोगों से बतिया रहे थे। पूरे कैंपस में शांति छाई हुई थी, जबकि अन्य दिनों में सुबह से ही फरियादियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट जाती थी, जो किसी अफसर के लिए चिट्टी-पत्री लिखवाने से लेकर सिफारिश के लिए फोन कराने को लाइन में लगे रहते थे। संजीव यादव ने कहा कि जिलाध्यक्ष लखनऊ से लौटे नहीं हैं इसलिए बहुत ज्यादा भीड़भाड़ नहीं है। लखनऊ के घटनाक्रम पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सिर्फ इतना कहा कि हमारे लिए सभी बड़े नेता हैं। जो आदेश होगा, उसके लिए सदैव तैयार हैं।
विज्ञापन

अलबत्ता, लखनऊ में पिछले कई दिनों से चल रहे घटनाक्रम के बाद अभी तक कोई निर्णायक स्थिति सामने न आने से जिले के सपाई संशय में हैं। सबके अपने कयास हैं और ज्यादातर कुछ भी कह पाने की स्थिति में नहीं हैं। खुलकर भी बोलने से ज्यादातर लोग बचते नजर आते हैं। जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह ने फोन पर सधी हुई प्रतिक्रिया ही दी। बोले- हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव हैं। प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह हैं और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हैं। हम किसी से अलग नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सपा में ऊपर से कोई बदलाव नहीं हुई है। नेताजी ने आज साफ कर दिया है कि पूरी पार्टी एक है इसलिए किसी को कोई दुविधा नहीं होनी चाहिए। वहीं पार्टी नेता शुभलेश यादव का कहना है कि सपा में कोई विवाद नहीं है, हम सब मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के साथ एक जुटता से खड़े हुए हैं।

जिले में भी हैं दो गुट
जिले की सपा में दो गुट हैं। इनमें से एक खुद को समाजवादी अखिलेशवादी बताते हैं। लखनऊ में दो दिन के घटनाक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समर्थन में सोशल मीडिया पर टिप्पणी कीं। एक नेता ने लिखा- ‘बरेली में भी काटेंगे अखिलेश यादव जी कुछ नेताओं के पर।’ उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एमएलसी आशु मलिक को तीखे शब्दों का प्रयोग करते हुए दायरे में रहने को चेता दिया।
विज्ञापन


कल होगी जिला संगठन की बैठक
पांच नवंबर को पार्टी के रजत जयंती समारोह में बरेली से भागीदारी तय करने के लिए जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव ने बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे मिशन कंपाउंड स्थित पार्टी कार्यालय पर बैठक बुलाई है। महानगर अध्यक्ष जफर बेग ने बताया कि बैठक में एमएलसी शशांक यादव रहेंगे। बैठक में जिला, शहर के प्रमुख पदाधिकारियों के अलावा विधायकों और पूर्व विधायकों को बुलाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें