बरेली के आंवला रेलवे स्टेशन पर नौ ट्रेनों के ठहराव को लेकर आंवला से सपा सांसद नीरज मौर्य ने आवाज उठाई है। उन्होंने रेल मंत्री को इस बारे में पत्र सौंपकर पैरवी की है। सांसद ने रेल मंत्री को बताया है कि उनके क्षेत्र का आंवला रेलवे स्टेशन औद्योगिक, पर्यटन स्थलों व व्यावसायिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। इसके बाद भी अब तक यह उपेक्षित रहा है।
सपा सांसद ने बताया है कि लखनऊ-चंडीगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस, बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर, सहरसा-आनंद विहार एक्सप्रेस, बापूधाम मोतिहारी-आनंद विहार, राधिकापुर-आनंद विहार, कामाख्या-आनंद विहार, टनकपुर-रिंगस, टनकपुर-देहरादून व बरेली- बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन आंवला स्टेशन पर नहीं रुकती है। सांसद ने मांग की है कि इन ट्रेनों का ठहराव आंवला स्टेशन पर हो तो उनके क्षेत्र की जनता व स्थानीय यात्रियों को काफी लाभ होगा।