तीन दावेदारों में दो पहले ही हट चुके थे पीछे, पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बरेली। रश्मि पटेल का नाम जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए पहले से ही तय माना जा रहा था लेकिन भाजपा ने लंबे इंतजार के बाद बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर की। डेलापीर इलाके के एक होटल में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, मेयर उमेश गौतम और कई विधायक मौजूद थे।
जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा में अध्यक्ष पद के लिए पूर्व मेयर सुभाष पटेल की पुत्रवधू रश्मि पटेल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेश पटेल की पत्नी रेखा पटेल और भाजपा नेता तेजेश्वरी सिंह ने दावेदारी की थी। तेजेश्वरी सिंह ने चुनाव महंगा होने के कारण शुरुआती दौर में ही पार्टी हाईकमान से विधानसभा चुनाव में मौका देने का आग्रह करते हुए अपनी दावेदारी वापस ले ली थी। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने योगेश पटेल को भी अपनी पत्नी रेखा पटेल की दावेदारी वापस लेने के लिए मना लिया था। योगेश पटेल ने भी स्वीकार किया था कि पार्टी नेताओं की ओर से उन्हें आगे अवसर देने का आश्वासन मिलने के बाद वह जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव से खुद को अलग कर रहे हैं।
इसके बाद रश्मि पटेल ही भाजपा में एकमात्र दावेदार रह गई थीं लेकिन फिर भी उनके नाम की घोषणा नहीं की गई। इस बीच पार्टी के कई प्रदेश स्तर के नेताओं ने इस पर मंथन किया। पिछले दिनों बरेली आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में भी रश्मि पटेल के नाम की घोषणा होने के कयास लगाए गए लेकिन पार्टी इसे लगातार टालती रही लिहाजा रहस्य भरा असमंजस भी बना रहा। हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह बरेली आए, तब भी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की घोषणा टल गई। हालांकि इसके बावजूद रश्मि पटेल की दावेदारी तय मानी जाती रही। इस बीच नामांकन कराने की अंतिम तारीख भी करीब आ गई।
बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के बरेली जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष वीर सिंह पाल, महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने रश्मि पटेल के नाम की घोषणा की। इसके बाद केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, मेयर उमेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, विधायक बहोरन लाल मौर्य, डीसी वर्मा, छत्रपाल गंगवार, डॉ. अरुण कुमार, श्याम बिहारी लाल के अलावा दुर्विजय सिंह शाक्य समेत कई नेताओं ने रश्मि को बुके देकर शुभकामनाएं दी। रश्मि ने वरिष्ठ नेताओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय सिंह चौहान, मीडिया प्रभारी अंकित महेश्वरी, प्रशांत पटेल, सोमपाल शर्मा, योगेश पटेल आदि नेता भी मौजूद रहे। रश्मि पटेल वार्ड नंबर 57 से चुनाव जीती हैं।