प्रधानमंत्री ने किया वर्चुअली शिलान्यास
11 करोड़ रुपये से आंवला स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुनर्विकास के लिए चुने गए स्टेशनों का शिलान्यास किया, इनमें आंवला भी शामिल हैं। यहां जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। रेलवे के अधिकारियों ने जल्द काम पूरा होने का दावा किया है। बता दें कि अमृत भारत योजना के तहत मुरादाबाद मंडल के आंवला स्टेशन को पुनर्विकास के लिए चुना गया है। यहां फुट ओवरब्रिज, स्वचालित सीढ़ियां, बेहतर यात्री सूचना प्रणाली सहित अन्य काम कराए जाने हैं।
सोमवार को वर्चुअल शिलान्यास को लेकर आंवला स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व आम लोग मौजूद रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण का सजीव प्रसारण देखा। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि 10 साल पहले रेलवे का सफर दुश्वारियों से भरा होता था। अब परिस्थिति में बदलाव आ चुका है। भाजपा सरकार ने रेलवे के विकास के लिए बहुत काम किया है। नई रेलगाड़ियां चलाने के साथ रेलवे लाइनों का भी विस्तार किया है। अब सरकार स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में इजाफा कर रही है।