बसपा के राष्ष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि सपा सरकार गुंडागर्दी, हत्या, अपहरण, बलात्कार और जमीनों पर कब्जे का पर्याय बन चुकी है। मथुरा के जवाहरबाग में ही नहीं, सपा नेताओं ने यूपी के हर जिले में रामवृक्ष यादव पैदा किए हैं जो मंत्रियों और विधायकों के संरक्षण में सरकारी या दूसरों की जमीनों पर कब्जे करते रहे। सपा नेताओं का नारा है, खाली प्लाट हमारा है।
नेहरू युवा केंद्र में आयोजित कैंट विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने हाल ही में बसपा में शामिल हुए युवा व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता को पार्टी का प्रत्याशी घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि मथुरा कांड की जांच के लिए न्यायिक आयोग बनाया गया है लेकिन ये सरकार से प्रभावित हो सकता है। इसलिए सरकार को मामले की जांच सीबीआई को सौंप देनी चाहिए। जो जितना बड़ा अपराधी, वो उतना बड़ा समाजवादी। केंद्र सरकार की कार्य प्रणाली पर सवाल उठेते हुए कहा कि न तो विदेश से काला धन आया और न ही किसी के अच्छे दिन आए हैं। सम्मेलन में बरेली-मुरादाबाद मंडल के जोन कोआर्डिनेटर अतर सिंह राव, विधायक वीरेंद्र सिंह और सुल्तान बेग, बरेली के जोन कोआर्डिनेटर ब्रह्मस्वरूप सागर, जिलाध्यक्ष नरेंद्र सागर, आल इंडिया उलेमा काउंसिल के मौलाना फैयाज, इंतजार अहमद, रमेश सागर आदि मौजूद रहे।