फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur: नगर पालिका अध्यक्ष के लिए सपा प्रत्याशी घोषित, नगर पंचायत की तीन सीटों पर इन्हें दिया टिकट

Thu, 20 Apr 2023 02:10 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

शाहजहांपुर नगर निगम से महापौर के लिए अर्चना वर्मा का नाम पहले ही घोषित किया जा चुका है। सपा ने नगर पालिका और नगर पंचायत के लिए भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। 
विज्ञापन
सपा प्रत्याशी मीना देवी, रीना बी और स्नेहा गुप्ता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार शाम निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। नगर निगम से महापौर के लिए अर्चना वर्मा का नाम पहले ही घोषित किया जा चुका है। कटरा नगर पंचायत से प्रत्याशी की घोषणा अभी नहीं की गई है, जबकि पुवायां नगर पालिका से गोपाल अग्निहोत्री और निगोही नगर पंचायत से पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा के बेटे मनोज वर्मा को समर्थन की घोषणा की गई है।

विज्ञापन


तिलहर नगर पालिका अध्यक्ष के लिए लाल बाबू को सपा ने प्रत्याशी घोषित किया था। इस पर पूर्व पालिकाध्यक्ष इमरान खां ने विरोध जताया था। तभी से माना जा रहा था कि यहां पर फेरबदल हो सकता है। सपा ने टिकट बदला तो नहीं है, लेकिन होल्ड कर दिया है। इस पर एक-दो दिन में फैसला हो जाएगा। पिछड़ा वर्ग के लिए सुरक्षित कटरा नगर पंचायत के अध्यक्ष के लिए सपा ने घोषणा नहीं की है।

वहीं भाजपा और बसपा ने अभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। कांग्रेस ने नगर निगम से महापौर के लिए निकहत इकबाल को प्रत्याशी बनाया है। अन्य प्रत्याशियों की घोषणा का इंतजार है।

विज्ञापन

पुवायां में गोपाल को समर्थन

पुवायां नगर पालिका अध्यक्ष सीट इस बार अनारक्षित है। सपा ने यहां गोपाल अग्निहोत्री को समर्थन दिया है। अधिवक्ता गोपाल अग्निहोत्री सपा में विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सहित कई पदों पर रहे हैं। वह पिछली बार भी नगर पालिका अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव सपा से लड़े थे, लेकिन उनको हार का सामना करना पड़ा था। वह अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष भी हैं।

मीना देवी खुटार से सपा प्रत्याशी

खुटार नगर पंचायत अध्यक्ष पद इस बार अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। सपा ने खुटार के मोहल्ला रायटोला निवासी मीना देवी को टिकट दिया है। मीना देवी के पति मुनीश कुमार सपा लोहिया वाहिनी के निवर्तमान नगर अध्यक्ष हैं। मीना देवी की कोई राजनैतिक पृष्ठभूमि नहीं है। 36 वर्षीय मीना देवी पांचवीं तक शिक्षित हैं।

बंडा से गौरव पर जताया भरोसा

सपा ने बंडा अनारक्षित सीट से अध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता गौरव शुक्ला को प्रत्याशी बनाया है। बंडा के मोहल्ला देवस्थान निवासी गौरव शुक्ला तहसील बार संघ के महामंत्री, कोषाध्यक्ष, क्रय विक्रय समिति पुवायां के डॉयरेक्टर रह चुके हैं। वह सपा के समर्थन से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुके हैं। बंडा नगर पंचायत में पहली बार चुनाव होना है।

जलालाबाद से शकील अहमद होंगे प्रत्याशी

जलालाबाद के मोहल्ला यूसुफजई निवासी उद्यमी शकील अहमद को सपा ने जलालाबाद नगर पालिका से प्रत्याशी घोषित किया है। इंटर पास शकील अहमद की मुस्लिम बिरादरी में मजबूत पकड़ मानी जाती है। शकील ने वर्ष 2017 में पहली बार चेयरमैन पद का चुनाव निर्दलीय लड़ा था। वह दूसरे नंबर पर रहे थे। बसपा शासन में महिला सीट होने पर उनकी पत्नी महजबी बेगम ब्लॉक प्रमुख रहीं थीं। 

ताहिर अली खुदागंज से मैदान में

खुदागंज के आदर्श नगर के रहने वाले ताहिर अली नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए सपा प्रत्याशी होंगे। 2017 में वह बसपा के टिकट से चेयरमैन का चुनाव लड़ चुके हैं। 2018 में वह समाजवादी पार्टी से जुड़ गए थे। सपा ने नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए ताहिर पर भरोसा जताया है।

सुभाष चंद्र गुप्ता पर सपा ने जताया भरोसा

कलान में सपा ने सुभाष चंद्र गुप्ता को नगर पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। कलान में पहली बार नगर पंचायत का चुनाव होना है। कस्बे में वैश्य मतदाताओं की संख्या अच्छी होने के कारण सपा ने उन्हें मौका दिया है। वह काफी समय से सपा में रहकर पार्टी को मजबूती देते आए हैं। 

अल्हागंज से स्नेहा पर सपा को भरोसा

अल्हागंज में पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित अल्हागंज नगर पंचायत से 38 वर्षीय स्नेहा गुप्ता को सपा ने प्रत्याशी घोषित किया है। परास्नातक शिक्षित स्नेहा ने पिछला चेयरमैन का चुनाव निर्दलीय लड़ा था। वह दूसरे स्थान पर रहीं थीं। उनके जेठ स्व. विनोद कुमार गुप्ता भाजपा के जिला महामंत्री रहे थे। स्नेहा के पति गौरव गुप्ता पेशे से सराफ हैं। वह पूर्व में भाजपा में थे। बाद में पत्नी सहित सपा में शामिल हो गए थे। 

कांट से प्रत्याशी होंगी रीना बी

डॉ. सुहेल खां की पत्नी और पूर्व चेयरमैन मोहम्मद इदरीस खां की बहू रीना बी सपा से कांट नगर पंचायत के लिए प्रत्याशी घोषित की गईं हैं। परास्नातक तक शिक्षित रीना के ससुर इदरीस खां कई बार नगर पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। 2017 में इदरीस की पत्नी सुरैया बेगम ने चुनाव जीता था। बाद में सुरैया बेगम का निधन हो गया था। कांट सीट महिला के लिए आरक्षित है। 
विज्ञापन

निगोही नगर पंचायत से मनोज वर्मा को समर्थन

पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा के बेटे पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोज वर्मा को सपा ने निगोही नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए अपना समर्थन दिया है। रोशनलाल वर्मा 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा से सपा में शामिल हुए थे। चुनाव के बाद मनोज वर्मा को ब्लॉक प्रमुख के पद से हटा दिया गया था। निगोही में पहली बार नगर पंचायत के चुनाव होंगे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें