बरेली के थाना आंवला इलाके में शराब के लिए एक व्यक्ति ने खौफनाक कदम उठा लिया। बेटे ने शराब पीने से रोका तो उसने कुल्हाड़ी से बेटे पर हमला कर दिया, जिससे बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी पिता भाग गया।
बरेली के थाना आंवला इलाके के पालमपुर गौंटिया निवासी युवक सत्येंद्र पर उसके पिता ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी पिता भाग निकला। परिजनों ने सत्येंद्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
सत्येंद्र की मां कमला देवी ने बताया कि उनके पति राजेंद्र शराब पीने के आदी हैं। इस लत में उन्होंने परिवार की जमीन व अन्य संपत्ति बेच दी है जिससे घर में आर्थिक संकट बन गया है। उनके बेटे सत्येंद्र ने जब पिता के शराब पीने का विरोध किया तो पिता ने गुस्से में उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सत्येंद्र की गर्दन और सिर पर गहरे घाव हो गए। उसे वह लोग तत्काल आंवला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कमला देवी ने बताया कि बेटे की गर्दन में 14 टांके लगे हैं। बताया कि उनके चार बेटे हैं और पति अक्सर शराब की वजह से झगड़ा फसाद करते हैं। महिला ने थाना आंवला में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।