बरेली। भाई-बहन के साथ मकान बंटवारे पर विवाद के दौरान एक युवक ने तैश में आकर अपने छह वर्षीय बेटे को जमीन पर पटक दिया। बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया मगर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बच्चे की मां ने अपने पति पर गैर इरातन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी इसके बाद फरार हो गया है।
मोहम्मद मदीने शाह का इमामबाड़ा वाली कॉलोनी में रहने वाली रीना का आरोप है कि 24 मार्च को उसके पति नसीम और उनके दूसरे भाई-बहनों के बीच मकान के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर नसीम ने खुद ही अपने छह साल के बेटे हुसैन को जमीन पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से हुसैन बेेहोश हो गया। उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा। इसके बाद वह हुसैन को निजी मेडिकल कालेज ले गईं। 26 मार्च को डीडीपुरम के एक न्यूरो सर्जन के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शनिवार सुबह सात बजे उसकी मौत हो गई। रीना ने नसीम पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट थाना बारादरी में दर्ज कराई है।