बरेली। दामाद ने कारोबार में घाटा बता पांच लाख रुपये उधार लेकर हड़प लिए। आकाशपुरम निवासी डॉ. अजहर महमूद खान ने बारादरी थाने में दामाद तनवीर सलीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। तनवीर पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
डॉक्टर ने बताया कि उनका दामाद तनवीर सलीम रायबरेली के कैपरगंज का निवासी है। वर्ष 2024 में उसने बीड़ी कारोबार में घाटे का हवाला देकर पांच लाख रुपये मांगे। डॉक्टर ने तनवीर की बीड़ी कंपनी के खाते में पांच लाख रुपये डाल दिए। तनवीर ने दो माह में रुपये लौटाने का वादा किया था। तीन महीने बीतने के बाद भी उसने रुपये नहीं लौटाए। रुपये मांगने पर वह टालमटोल करने लगा।
डॉक्टर ने इसकी शिकायत रिश्तेदारों से की तो तनवीर रंजिश मानने लगा। उसने डॉक्टर को कॉल कर जान से मरवाने की धमकी दी। डॉ. अजहर महमूद के अनुसार, उनके परिवार में कोई नहीं है। वह अकेले किराये पर रहते हैं। इस घटना से वह निराश हो गए हैं। एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।