बरेली। एसएससी जीडी (सेना भर्ती) परीक्षा में पेपर देने आए सॉल्वर के बिहार निवासी साथी गुड्डू कुमार को पुलिस ने जेल भेज दिया। बिहार व कानपुर के आरोपियों की तलाश में टीम वहां जाएगी।
पीलीभीत जिले के बीसलपुर के ग्यासपुर मोहल्ला निवासी नाजिम को मुरादाबाद में एसएससी जीडी परीक्षा में पास कराने के नाम पर आठ लाख रुपये की डील हुई थी। पेपर देने आया सॉल्वर सुमित मुरादाबाद से फरार हो गया। उसके साथी गुड्डू को पकड़कर नाजिम और उसका दोस्त डालचंद बीसलपुर ले जा रहे थे कि सेटेलाइट चौराहे पर उसने शोर मचा दिया था।
बारादरी इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह ने सच्चाई जानने के बाद नाजिम से तहरीर लेकर रिपोर्ट लिखवा दी। सात आरोपियों में कुछ बिहार, कुछ कानपुर तो कुछ बीसलपुर के हैं। गुड्डू को जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अधिकारियों की अनुमति के बाद टीम दूसरे शहरों में जाकर आरोपियों की गिरफ्तारी करेगी।