बरेली। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की ओर से कराई गई इलाहाबाद हाईकोर्ट भर्ती परीक्षा में रविवार को पकड़े गए बिहार निवासी सॉल्वर उत्तम कुमार से सोमवार को भी दिनभर पुलिस व एजेंसियों ने पूछताछ की। टीमों ने गिरोह का पता लगाने का प्रयास किया, ताकि दबिश देकर और गिरफ्तारी की जा सके।
हाईकोर्ट के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा के दौरान रविवार को पद्मावती एकेडमी में परीक्षा देने पहुंचे सॉल्वर उत्तम को पकड़ लिया गया था। वह रामपुर के परीक्षार्थी विशांत के बदले परीक्षा देने आया था। परीक्षा केंद्र पर बायोमीट्रिक व फोटो वेरिफिकेशन में भी वह साफ बच गया। परीक्षा शुरू होने के सवा घंटा बाद उसे पकड़ लिया गया। एसपी सिटी मानुष पारीक ने भी आरोपी से पूछताछ की। उसने बताया कि कुछ लोगों ने परीक्षा देने के लिए उससे 25 हजार रुपये में सौदा किया था। वह उन लोगों को नहीं जानता है। उसे यह रकम एडवांस मिली थी। विशांत ने किससे सेटिंग की, यह उसे नहीं पता है। पुलिस ने उससे ऐसी जानकारियां जुटाईं, जिनसे गिरोह का खुलासा हो सके। एसपी सिटी ने बताया कि जरूरत पर टीम बाहर भी भेजी जाएगी। अमर उजाला ब्यूरो