बरेली। जिले में सोलर रूफ टॉप संयंत्र स्थापित कराने की प्रगति बेहतर नहीं है। एक लाख लोगों के निजी आवासों की छतों पर यह संयंत्र स्थापित होने हैं। जिसमें अभी तक केवल 13 हजार आवासों की छतों पर सोलर रूफ टॉप संयंत्र लगाए जा सके हैं। इस मामले में बुधवार को सीडीओ देवयानी ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा भी की है।
विकास भवन सभागार में हुई पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा सीडीओ ने पाया कि जिनके घरों की छतों पर संयंत्र स्थापित किए गए हैं, उनमें से 11 हजार लोगों को अनुदान की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने सोलर रूफ टॉप संयंत्र के संबंध में लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि संयंत्र स्थापना से जहां 70 से 80 प्रतिशत तक बिजली बिल में कमी आ रही है, वहीं ग्रीन एनर्जी के उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान हो रहा है। सीडीओ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में लोगों को बताएं। उन्होंने बरेली जिले के निवासी सरकारी सेवकों का विवरण संबंधित अधिकारियों से मांगा है। निर्देश दिए हैं कि कर्मियों के नाम और पता का विवरण अगले दो दिन के अंदर उपलब्ध कराएं और उन्हें संयंत्र स्थापना के लिए प्रेरित कर रूफ टॉप संयंत्र स्थापित कराएं। संवाद