So, there was turmoil derailed Triveni
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
जंक्शन रेलवे स्टेशन पर त्रिवेणी एक्सप्रेस की एक बोगी पटरी से उतर गई। यह हादसा जंक्शन यार्ड में शंटिंग के दौरान हुआ। इस हादसे का पता लगने पर रेल अफसरों में खलबली मच गई। इंजीनियरों की टीमें देर शाम तक हादसे का कारण जानने में जुटी रहीं।
हादसा बुधवार पूर्वाह्न 11.15 बजे हुआ। बरेली से शक्तिनगर सिंगरौली जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस (14370) यार्ड में शंटिंग कर रही थी। इस पर शंटर रामचंद्र, शंटिंग मास्टर वीरेंद्र पाल और शंटमैन छोटू थे। ट्रेन छह नंबर लाइन से होकर प्लेटफार्म एक पर ले जाई जा रही थी। तभी पानी लाइन पर पहुंचकर इंजन के पीछे आठवीं बोगी के चार पहिये झटके के साथ पटरी से उतर गए। शंटर ने ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी, लेकिन तब तक पटरी से उतरे पहिये करीब 40 मीटर दूर तक खिचड़ते चले गए। वायरलेस पर इसकी सूचना डिप्टी एसएस और मुरादाबाद रेल कंट्रोल को दी गई तो अफसरों में खलबली मच गई। कुछ ही देर में स्टेशन अधीक्षक चेतन स्वरूप शर्मा समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मुरादाबाद से आए सीनियर डीएमई ने भी मौका मुआयना किया। इंजीनियरों की टीमों ने घंटों मौके पर रहकर छानबीन की। दोपहर दो बजे रोजा से एआरटी बुलाई गई। प्रेशर जैक से घंटों मशक्कत के बाद बोगी को पटरी पर चढ़ाया जा सका। हादसे का कारण जानने के लिए मुरादाबाद रेल मंडल ने जांच टीम गठित कर दी है।
20 मिनट देरी से रवाना हुई त्रिवेणी
बरेली। स्टेशन अधीक्षक चेतन स्वरूप शर्मा ने बताया कि त्रिवेणी एक्सप्रेस में 19 बोगियां लगती हैं। इस हादसे के दौरान एक बोगी पटरी से उतरी और उसके पीछे वाली दूसरी बोगी क्षतिग्रस्त हो गई। दो बोगियां अलग करने के बाद त्रिवेणी एक्सप्रेस प्लेटफार्म पर भेज दी गई। उन्होंने बताया कि त्रिवेणी एक्सप्रेस यहां जंक्शन से 12.10 बजे रवाना होती है। हादसे की वजह से बुधवार को 20 मिनट देरी से दोपहर 12.30 बजे 17 कोच के साथ रवाना हो सकी।