बरेली। बिथरी पुलिस ने ट्रक से तस्करी कर पंजाब से बिहार ले जाई जा रहीं 505 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है, जबकि एक तस्कर फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
एसपी सिटी राहुल भाटी के मुताबिक बिथरी पुलिस ने सूचना पर ट्रांसपोर्ट नगर में घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ा। तलाशी में ट्रक के अंदर अवैध 505 पेटी अंग्रेजी शराब मिली, जो 40 कट्टे बुरादे में छुपाकर रखी गई थी। पुलिस ने दो आरोपी पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव ढकिया जलालपुर निवासी मोहम्मद फारूख और बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ल सकलैन नगर निवासी इसरार अली को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह शराब पंजाब से बिहार लेकर जा रहे थे। उनका साथी शाकिर कुरैशी निवासी मोहल्ला हजियापुर खजूर वाली मस्जिद थाना बारादरी है। पंजाब में शराब खरीदने का सारा प्रबंध शाकिर ही करता है।