सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने 20 हजार के इनामी तस्कर आसिफ खान को 4.320 किलोग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई स्मैक की कीमत 4.32 करोड़ रुपये बताई जा रही है। तस्कर ने बताया कि उसका साथी झारखंड से कच्चा माल लाकर उससे स्मैक तैयार करता है, जो उसी के गांव का रहने वाला है। इसके बाद वह मिलकर स्मैक को अलग-अलग जनपदों में भेजते हैं।
बुधवार को पुलिस लाइन में एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक कपिल देव की टीम ने मंगलवार रात छोटी लाइन पर सरकारी कोटे के पास से स्मैक तस्कर आसिफ खान निवासी पढेरा जिला बरेली को गिरफ्तार किया है। वह हाल ही में बरेली के हाजी का मोहल्ला रायपुरा में किराये के मकान में रह रहा था। नशा तस्कर 20 हजार का इनामी है। उसके पास से 4.320 किलोग्राम स्मैक, एक मोबाइल, एक कार और सात हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। स्मैक की कीमत करीब 4.33 करोड़ रुपये है। आरोपी नशा तस्कर ने पुलिस को बताया कि उसका एक साथी झारखंड से कच्चा माल लाकर स्मैक तैयार करता है, जिससे अपने दो साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता था। इससे अच्छा मुनाफा होता था।
पुलिस तलाश करेगी पंजाब व बरेली कनेक्शन
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर अभी जिला और आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई हो रही थी। अब पंजाब और बरेली के कनेक्शन पर भी काम किया जाएगा। गिरफ्तार नशा तस्कर थोक का काम करता था। बरेली से स्मैक लाकर जिले में आकर खुदरा में लोगों को बेचता था। ऑपरेशन सवेरा के नए चरण में काम शुरू हो गया है। इसमें जहां पर मादक पदार्थ तैयार किया जाता है। वहां पुलिस कार्रवाई करेगी। मादक पदार्थों की तस्करी में नौ आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली जा चुकी है। संवाद