बरेली। डोहरा रोड स्थित स्पोर्ट्स हब में आयोजित बिग बॉयज लीग के रोमांचक मुकाबले में एसएमसी ग्लोबल की टीम ने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर श्रीजनी सुपरकिंग्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।
मुकाबले की शुरुआत में श्रीजनी सुपरकिंग्स के कप्तान दिव्यांशु उपाध्याय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हालांकि, एसएमसी ग्लोबल की अनुशासित गेंदबाजी के सामने उनकी टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। श्रीजनी सुपरकिंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए। 132 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसएमसी ग्लोबल की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने विरोधी गेंदबाजों की जमकर क्लास ली और मैदान के हर कोने में रन बटोरे। कप्तान करण सेठ और शादाब की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए अटूट साझेदारी की और केवल 8.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 132 रन बनाकर टीम को एकतरफा और धमाकेदार जीत दिला दी। कप्तान करण सेठ ने नाबाद 45 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन दर्शनीय छक्के शामिल थे। दूसरी ओर, शादाब ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 28 गेंदों पर 63 रनों की नाबाद पारी खेली।