फरीदपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक कंपनी के स्मार्ट प्वाइंट पर खड़े कर्मचारियों ने बुधवार रात जब संदिग्ध लोगों को अंदर जाने पर टोका तो उन्होंनेे जातिसूचक गालियां देकर दोनों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मोबाइल फोन व नकदी लूट ले गए। घायलों को अस्पताल भेजकर पुलिस आरोपियों की तलाश जारी है।
नगर के मोहल्ला ऊंचा वाल्मीकि बस्ती निवासी यश कुमार वाल्मीकि ने थाना प्रभारी राधेश्याम को दी तहरीर में बताया कि वह बुधवार की रात नौ बजे अपने साथी परा मोहल्ला निवासी राहुल सक्सेना के साथ स्मार्ट प्वाइंट पर खड़े थे। मोहल्ला बक्सरिया निवासी रचित शर्मा, समीर वर्मा व आकाश उर्फ पकौड़ी अपने साथियों के साथ जबरन अंदर जाने लगे।
उन्होंने कहा कि इस समय स्टोर में ग्राहकों का घुसना बंद है। इतना कहते ही दबंगों ने गालीगलौज शुरू कर दी। इसका यश व राहुल ने विरोध किया तो दबंगों ने यश को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। दबंगों ने बोतल व सीमेंट की ईंट से हमला शुरू कर दिया। इसमें यश व राहुल को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों के मोबाइल फोन भी छीन लिए।
राहुल की जेब में पड़े तीन हजार रुपये व यश की जेब में रखे लगभग 1500 रुपये लूट ले गए। दबंगों ने जाते समय धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की तो दोनों को जान से मार देंगे। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।