बीएड प्रवेश में पिछले दिनों गरीब सवर्णों के लिए घोषित हुआ दस प्रतिशत आरक्षण मिलने की उम्मीद बहुत ही कम नजर आ रही है। शासन से इसको लेकर अब तक कोई निर्देश नहीं मिला है, इसके चलते विश्वविद्यालय कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है जबकि रैंकिंग 27 मई को जारी करने की तैयारी है।
इस बार रुहेलखंड विश्वविद्यालय को बीएड की राज्यस्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। 15 अप्रैल को हुई प्रवेश परीक्षा में प्रदेश के 15 जिलों में 1216 परीक्षा केंद्रों पर 566399 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।
21 मई को विश्वविद्यालय अभ्यर्थियों के अंक जारी कर चुका है। अब रिजल्ट पर आई आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है। इसके बाद 27 मई को रैंकिंग घोषित करने के साथ ही एक जून से काउंसलिंग की तैयारी है।
रैंकिग की घोषणा में कुछ ही दिन शेष हैं लेकिन गरीब सवर्णों के आरक्षण को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। परीक्षा के राज्य समन्वयक प्रो. बीआर कुकरेती का कहना है कि शासन से अब तक कोई निर्देश नहीं मिले हैं। जो निर्देश मिलेंगे, उसके आधार पर ही काम होगा।