पुलिस ने दोनों के नाम बढ़ाए, भाजपा पार्षद के चाचा और साथी को भेजा जेल
फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। कस्बे में स्मैक की सौदेबाजी करते गिरफ्तार हुए भाजपा पार्षद के चाचा समेत दोनों आरोपियों को कोर्ट ने सोमवार को जेल भेज दिया। इन्होंने कस्बे में ही रहने वाले दो तस्कर भाइयों गुलाम साबिर और गुलाम जाबिर से स्मैक खरीदी थी।
सर्वोदय नगर निवासी पार्षद रचित गुप्ता के चाचा दिनेश गुप्ता और कस्बा के मोहल्ला अंसारी निवासी सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर 70 ग्राम स्मैक बरामद की थी। सोमवार को एनडीपीएस कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि इनसे पूछताछ में पता लगा कि पुलिस टीम को देखकर भागे दो लोग स्मैक बेचने वाले थे। ये दोनों फतेहगंज कस्बा के ही मोहल्ला सराय निवासी गुलाम साबिर और उसका भाई गुलाम जाबिर थे। दोनों को पुलिस ने वांछित किया है।
उत्तराखंड तक तस्करी में लिप्त है गैंग
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि आरोपी दिनेश गुप्ता उत्तराखंड के हरिद्वार से पिछले महीने स्मैक तस्करी में जेल जा चुका है। आरोपी सलमान स्थानीय थाना और भमोरा से कई बार जेल जा चुका है। गुलाम जाबिर दो साल में उत्तराखंड के हरिद्वार, स्थानीय थाना से स्मैक तस्करी, आर्म्स एक्ट में चार बार जेल जा चुका है। उसका भाई गुलाम साबिर पहली बार वांछित किया गया है। बताया कि दोनों की तलाश के लिए कई जगह दबिश दी गई है। दोनों घर से भागे हुए हैं। जल्द गिरफ्तारी करके जेल भेजा जाएगा। संवाद