बरेली। सेमी हाई स्पीड ट्रेन का तमगा लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें खाली दौड़ रहीं हैं। इनका किराया सामान्य ट्रेनों के मुकाबले करीब दोगुना है, जबकि गति समान है। सहारनपुर-गोमतीनगर वंदे भारत की औसत गति महज 56 किमी प्रतिघंटे है। राजधानी एक्सप्रेस समेत कई अन्य गाड़ियाें की औसत रफ्तार इससे ज्यादा है। नतीजा, इस ट्रेन में 598 सीटों के मुकाबले रोजाना औसतन 150-200 टिकट ही बुक हो रहे हैं। मेरठ-वाराणसी और देहरादून-लखनऊ वंदे भारत में भी चेयरकार श्रेणी की सीटें खाली हैं।
इन दिनों बरेली होकर गुजरने वाली 38 गाड़ियां तीन माह के लिए निरस्त हैं। ऐसे में इस रूट की नियमित ट्रेनों में नो रूम और लंबी वेटिंग है। इसके बावजूद वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह भरकर नहीं चल पा रहीं। मेरठ-वाराणसी और देहरादून-लखनऊ वंदे भारत ट्रेनें बरेली से लखनऊ की यात्रा 3:38 घंटे में पूरी करती हैं। सहारनपुर-गोमतीनगर वंदे भारत इसमें 4:23 घंटे लगाती है। दूसरी ओर, सामान्य ट्रेनों में शुमार पद्मावत एक्सप्रेस यह यात्रा 3:42 घंटे में पूरी करती है।
इस रूट की सबसे तेज ट्रेन दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस है। यह 3:13 घंटे में बरेली से लखनऊ की यात्रा पूरी करती है। इसमें एसी प्रथम का किराया 1565, एसी द्वितीय का 1255 और एसी तृतीय का 940 रुपये है। राजधानी से ज्यादा समय लगाने वाली देहरादून-लखनऊ वंदे भारत में बरेली से लखनऊ का चेयरकार का किराया 915 रुपये और एग्जीक्यूटिव श्रेणी का 1590 रुपये है। सहारनपुर-गोमतीनगर वंदे भारत में यह किराया 1045 और 1775 व मेरठ-वाराणसी वंदे भारत में 900 और 1575 रुपये है। नियमित ट्रेनों में शुमार पद्मावत एक्सप्रेस में एसी प्रथम श्रेणी का किराया 1,185, एसी द्वितीय का 720 और एसी तृतीय का 515 रुपये है।
गाड़ी में हैं 598 सीटें, रेलवे ने कोच बढ़ाने से पीछे खींचे हाथ
वंदे भारत एक्सप्रेस आठ कोच की ट्रेन है। इसमें सात कोच चेयरकार और एक कोच एग्जीक्यूटिव श्रेणी का है। चेयरकार कोच में 78 और एग्जीक्यूटिव श्रेणी में 52 सीटें होती हैं। इस तरह एक गाड़ी में कुल सीटों की संख्या 598 है। आठ कोच की गाड़ी को ही पर्याप्त सवारियां नहीं मिल रहीं। ऐसे में कोचों की संख्या बढ़ाकर 10-12 करने की कवायद से रेलवे ने हाथ खींच लिए हैं।
सीटों की स्थिति
- 26503-04 सहारनपुर-गोमतीनगर वंदे भारत की चेयरकार में 20 दिसंबर तक रोजाना 400 से ज्यादा और एग्जीक्यूटिव श्रेणी में 35 से ज्यादा सीटें रिक्त हैं।
- 22546-45 देहरादून-लखनऊ वंदे भारत चेयरकार श्रेणी में 16 दिसंबर को 70 सीटें खाली हैं। 17 व 18 दिसंबर को 250 से ज्यादा सीटें खाली हैं, जबकि 19 दिसंबर को 174 और 20 को 43 सीटें खाली हैं।
- 22490-89 मेरठ-वाराणसी वंदे भारत की चेयरकार श्रेणी में 15 दिसंबर को 60, 17 दिसंबर को 179 सीटें खाली हैं। 19 और 20 दिसंबर को खाली सीटों की संख्या 200 से ज्यादा है।