संवाद न्यूज एजेंसी
बरेली। नियमित और महाकुंभ विशेष ट्रेनें पहले से फुल होने के बीच महाशिवरात्रि के अवसर पर मंगलवार को रेलवे ने बरेली होते हुए वाराणसी के लिए वाया लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज एक-एक फेरे के लिए छह अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया। बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर को मंगलवार को भी बरेली-अलीगढ़ के स्थान पर बरेली-लखनऊ के बीच चलाया गया।
रेलवे ने मंगलवार को एक-एक फेरे के लिए बरेली होते हुए दिल्ली-वाराणसी के बीच 04088, 04058, 04070, 04078, 04002 और 04014 आनंद विहार-वाराणसी अनारक्षित विशेष ट्रेनों का संचालन किया। अनाक्षित ट्रेनों का संचालन किए जाने से नियमित और पहले से संचालित हो रहीं महाकुंभ विशेष ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कुछ कम हुआ। इधर, महाशिवरात्रि से एक दिन पहले बरेली होते हुए हरिद्वार जाने वाली ट्रेनों पर यात्रियों का ज्यादा दबाव बढ़ गया।
मंगलवार को 22545 लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस के अलावा 13009 दून एक्सप्रेस, 15005 राप्ती गंगा एक्सप्रेस में सीटों को लेकर मारामारी की स्थिति रही।
प्रयागराज के टिकटों की बिक्री घटी, अयोध्या और काशी की बढ़ी : ट्रेनों में प्रयागराज के लिए मारामारी अब कुछ कम होने लगी है। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को प्रयागराज के टिकट कम बिके। दूसरी ओर अयोध्या, काशी और हरिद्वार के टिकटों की बिक्री में मंगलवार को दोगुना तक इजाफा हो गया। हरिद्वार की सभी ट्रेनें मंगलवार को ठसाठस रहीं।
अमृतसर-टाटानगर के बीच आज चलेगी विशेष ट्रेन : 04630 अमृतसर-टाटानगर अनारक्षित विशेष ट्रेन बुधवार को दोपहर 12:45 बजे अमृतसर से चलने के बाद जालंधर, लुधियाना, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद होते हुए रात 10:51 बजे बरेली आएगी। यहां से लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, गया, बोकारो स्टील सिटी होते हुए अगले दिन रात 10 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
दिल्ली-फाफामऊ के बीच तीन दिन विशेष ट्रेन : रेलवे बरेली होते हुए दिल्ली-फाफामऊ के बीच बुधवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। 04663 फाफामऊ-फिरोजपुर विशेष ट्रेन बुधवार को चलाई जाएगी। 04066 दिल्ली-फाफमऊ महाकुंभ विशेष बृहस्पतिवार और 04065 फाफामऊ-दिल्ली महाकुंभ विशेष ट्रेन का संचालन शुक्रवार को किया जाएगा।