शाहजहांपुर जिले के आरसी मिशन इलाके के दनियापुर गांव में बुधवार सुबह गैस सिलिंडर फटने से तीन बच्चों समेत छह लोग झुलस गए। सभी की हालत नाजुक है, जिनका लखनऊ में इलाज चल रहा है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के ग्राम दनियापुर निवासी अनिल कुमार (30) रोजा चीनी मिल के पास ठेले पर चाट पकौड़ी की दुकान चलाते हैं। बुधवार सुबह पत्नी रूबी छोटे गैस सिलिंडर से चाय बना रही थीं। तभी गैस लीक होने से सिलिंडर में आग लग गई।
कुछ समझ पाते तब तक तेज धमाके के साथ सिलिंडर भी फट गया। इससे आग पूरे घर में फैल गई और सारा सामान जलने लगा। घर में मौजूद अनिल और उनका पूरा परिवार आग के बीच घिर गया।
परिवार के अन्य लोगों ने पानी डालकर फंसे लोगों को बाहर निकाला। मगर तब तक अनिल, उनकी पत्नी रूबी (28), सात साल का बेटा अभिषेक, तीन वर्ष का विष्णु, एक वर्ष का सौरभ और भाई संजू (24) झुलस चुके थे।