बरेली। आगरा से बरेली आ रही रुहेलखंड डिपो की बस में प्रवर्तन दल ने छह सवारियों को बेटिकट यात्रा करते पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि परिचालक ने यात्रियों से किराया तो वसूल किया था मगर टिकट नहीं बनाए। परिचालक को चार्जशीट देने के साथ ही सहायक यातायात निरीक्षक से भी जवाब तलब किया गया है।
रुहेलखंड डिपो की बस संख्या यूपी 25 बीटी 0819 बरेली-आगरा-बरेली के बीच चलती है। रविवार को बस आगरा से बरेली आ रही थी। इस पर चालक जुनैद मिया जाफरी और परिचालक राजन कुमार की ड्यूटी थी। परिचालक ने कासगंज से बरेली और बदायूं से बरेली की तीन-तीन सवारियों को किराया लेने के बाद भी टिकट नहीं दिए।
किसी यात्री ने इसकी सूचना अधिकारियों को दे दी। आरएम दीपक चौधरी के निर्देश पर सहायक यातायात निरीक्षक अभिषेक कुमार और रजनीश कपूर ने सुबह छह बजे बस को रामगंगा के पास रुकवा लिया। जांच में छह सवारियां बेटिकट मिलीं। बरेली-बदायूं रोड सहायक यातायात निरीक्षक प्रदीप गुप्ता के नाम आवंटित है।
बेटिकट यात्रियों को सफर कराने में उनकी भी लापरवाही मानी जा रही है। परिचालक को चार्जशीट देने के साथ सहायक यातायात निरीक्षक से जवाब तलब किया गया है। एआरएम अरुण वाजपेयी ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। संवाद