मीरगंज की महिला के बाद कोरोना संक्रमित रहे छह और लोगों में ब्लैक फंगस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। चार मरीज पीलीभीत बाईपास पर एक निजी अस्पताल के न्यूरोफिजिशियन वार्ड में भर्ती हैं जिन्हें एंटी फंगल एम्फोट्रेसिन इंजेक्शन लगाया गया है। वहीं दो मरीज एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं।
निजी अस्पताल में भर्ती मरीजों के बारे में न्यूरोफिजिशयन डॉ. राम सिंह कुशवाहा ने बताया कि मरीज करीब तीन दिन से अस्पताल में भर्ती थे लेकिन जांच रिपोर्ट न मिलने से संक्रमण की पुष्टि नहीं हो पाई थी। इन मरीजों में दो बरेली, एक फर्रुखाबाद और एक बीसलपुर (पीलीभीत) का है। चारों ने अपनी पहचान सार्वजनिक न करने का आग्रह किया है।
डॉ. कुशवाह ने बताया कि रिपोर्ट से सीएमओ को अवगत करा दिया गया है। उधर, सीएमओ डॉ. सुधीर गर्ग ने आईएमए के डॉक्टरों को निर्देश दिया है कि ब्लैक फंगस का कोई भी केस जानकारी में आते ही वे इसकी सूचना फौरन उनके कार्यालय को दें। वहीं दो मरीजों का एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा है।