बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के चनहेटी गांव निवासी कोमल (18 वर्ष) का शव प्रेम विवाह के छह महीने बाद फंदे से लटका मिला। पोस्टमॉर्टम में हैंगिंग (लटकने से मौत) की पुष्टि हुई है। हालांकि, मायके वालों ने पति पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिवार के लोगों ने थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन को बताया कि कोमल ने छह माह पहले बिहार निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। वह बरेली कॉलेज में पढ़ाई करती थी, वहीं दोनों की मुलाकात हुई। शादी के बाद दोनों सुभाषनगर क्षेत्र के शांति विहार में किराये के मकान में रह रहे थे। कोमल के पिता प्रदीप मिश्रा ने बताया कि शादी के वक्त बेटी नाबालिग थी, उन लोगों ने ऐतराज किया लेकिन युवक ने उनकी बेटी को बातों में फंसा रखा था।
कुछ समय बाद फिर से पति दहेज की मांग को लेकर कोमल को परेशान करने लगा। परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर कोमल ने सोमवार रात दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे और दहेज की खातिर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम कराया जिसमें हैंगिंग (लटकने से मौत) की पुष्टि हुई।
सुभाष नगर थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। पति खुद को निर्दोष बता रहा है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट पुलिस को मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।