पांच संक्रमित तीन सौ बेड अस्पताल में थे क्वारंटीन, एक संक्रमित चला गया था अपने घर
बरेली। प्रवासियों की वापसी के बाद जिले में संक्रमितों की तादाद तेजी से बढ़ती जा रही है। गुरुवार की देर शाम दिल्ली, अहमदाबाद, राजस्थान से छह प्रवासियों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद जिले में सक्रिय संक्रमितों की तादाद 34 पहुंच गई है। दूसरी ओर, एक निजी अस्पताल में भर्ती बदायूं का एक मरीज भी कारपोरेट लैब की जांच में पॉजिटिव आया है। मरीज रिपोर्ट आने से पहले घर चला गया था जहां उसकी मौत हो चुकी है।
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि गुरुवार आईवीआरआई से मिली रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण के छह नए मामले सामने आए हैं। इसमें पांच प्रवासी हैं, जबकि एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आकर संक्रमित हुआ है। जिन छह लोगों में संक्रमण पाया गया है, उनमें एक 23 वर्षीय युवक शहर में डेलापीर के पास स्थित बिहारमान नगला का निवासी है। एक युवक लालफाटक के पास चनेहटी गांव का है और दो युवक मोहनपुर ठिरिया के निवासी हैं। एक अन्य युवक फरीदपुर के नौगवां गांव का है। वहीं, प्रतापगढ़ के गौरा बहदल खुर्द निवासी एक व्यक्ति भी पॉजिटिव पाया गया है। वह दिल्ली से कार के जरिए जा रहा था। यहां 300 बेड अस्पताल में उसको क्वारंटीन कर सैंपल लिया गया जो पॉजिटिव पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों के संपर्क में आने वालों को क्वारंटीन किए जाने की कवायद शुरू कर दी है।
92 संदिग्ध की रिपोर्ट निगेटिव, लिए 133 सैंपल
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को एमएमयू की टीम ने जिला प्रभारी अभिषेक त्यागी के निर्देशन में 34 लोगों का सैंपल लिया। वहीं, तीन सौ बेड के अस्पताल में 213 लोगों की स्क्रीनिंग के बाद 99 संदिग्ध संक्रमितों का सैंपल लिया गया। गुरुवार को संक्रमितों के अलावा 92 और संदिग्धों के सैंपल की रिपोर्ट भी आई जो निगेटिव है। एक और दो जून को लिए गए सैंपलों की यह रिपोर्ट हैं।