फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामपुर बाग के उद्यमी समेत छह संक्रमित, एक की मौत

विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : PTI
विज्ञापन

तीन आईवीआरआई और तीन कारपोरेट लैब की जांच में मिले संक्रमित

बरेली। कोरोना संक्रमण के साथ ही जिले में मृतकों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। सोमवार को कॉरपोरेट लैब और आईवीआरआई से अलग-अलग मिली रिपोर्ट में छह लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, केजीएमयू लखनऊ में भर्ती बहेड़ी की कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई है। अब जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
विज्ञापन

सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक आईवीआरआई से मिली रिपोर्ट में सीबीगंज के सरकारी अस्पताल के 38 वर्षीय हेल्थ वर्कर, नवाबगंज के स्वास्थ्य केंद्र के 30 वर्षीय हेल्थ वर्कर और रोहलीटोला पुराना शहर के 54 वर्षीय व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं कॉरपोरेट लैब की जांच में रामपुर बाग के 52 वर्षीय उद्यमी, आशीष रॉयल पार्क के 60 वर्षीय बुजुर्ग समेत निजी अस्पताल में भर्ती 33 वर्षीय युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई है। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रही बहेड़ी की एक महिला की मौत हो गई है। सीएमओ ने बताया कि सभी संक्रमितों को आइसोलेट कराया गया है। कॉरपोरेट लैब से संक्रमित मिले मरीजों का सैंपल जांच के लिए आईवीआरआई भेजा जाएगा।

क्रॉस टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो रामपुर बाग में बनेगा हॉटस्पॉट

पॉश कॉलोनी रामपुर गार्डन में कोरोना संक्रमण का यह तीसरा मामला है। इससे पहले एक रेडियोलॉजिस्ट और दो दिन पहले शहर के एक बड़े कारोबारी में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इससे रामपुर गार्डन में रहने वालों में खलबली है। अफसरों के मुताबिक उद्यमी को बुखार और जुकाम था। तकलीफ ज्यादा बढ़ने पर शनिवार को कॉरपोरेट लैब से सैंपल की जांच कराई थी। इसकी रिपोर्ट रविवार देर शाम मिली। इसके बाद तत्काल उन्हें कोविड अस्पताल में आइसोलेट करा दिया गया। क्रॉस टेस्ट के लिए फिर से सैंपल लेकर आईवीआरआई जांच को भेजा जाएगा। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। एहतियातन कारोबारी के परिजन को भी क्वारंटीन कराया है। उनके भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।

मृतक संक्रमित महिला के संपर्क में आया वार्ड ब्वॉय भी संक्रमित

सीबीगंज। स्लीपर रोड स्थित कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय में भर्ती होने के लिए 18 जून को एक महिला आई थी। इसे वार्ड ब्वॉय ने एंबुलेंस से उतारकर वार्ड में शिफ्ट कर दिया था। बाद में महिला को कोविड अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। 24 जून को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद संक्रमित महिला के संपर्क में आने से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया था। बाद में महिला की मौत भी हो गई थी। इसी बीच वार्ड ब्वॉय की तबीयत खराब होने लगी। इसकी जानकारी पर उसका सैंपल लेकर जांच को भेजा गया। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर अस्पताल के अन्य कर्मचारी, जिनके संपर्क में वह रहा था, उनमें भी खलबली मच गई है। वह लेबर कॉलोनी में एक किराए के मकान में रहता था। वहां भी लोगों के संपर्क में आने की आशंका है।

दिल्ली गए उद्योगपति में भी संक्रमण की पुष्टि

सर्विलांस टीम के मुताबिक, दिल्ली गए बरेली के एक उद्योगपति में भी सोमवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वह बीते कई दिनों से दिल्ली में ही रह रहे थे। जहां उनकी तबीयत बिगड़ने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कारपोरेट लैब से सैंपल की जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। फिलहाल उन्हें दिल्ली के ही एक अस्पताल में आइसोलेट कराने के साथ इलाज किया जा रहा है।

नोएडा से लौटा प्रवासी युवक भी संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार एक युवक बीते 26 जून को नोएडा से ट्रेन से बरेली आया था। युवक नवाबगंज के गांव मुझैना का रहने वाला है। उसकी तबीयत बिगड़ने पर एक निजी अस्पताल में उसने जांच कराई थी। जहां से उसका सैंपल लेेकर कारपोरेट लैब में भेजा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर उसे कोविड अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है।

280 लोगों के लिए गए सैंपल

सीएमओ डॉ. विनीत कुमार शुक्ल ने बताया कि सोमवार को तीन सौ बेड अस्पताल में दो टीमों ने 393 संदिग्ध रोगियों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान 280 लोगों के एमएमयू सैंपल लिए गए। सभी सैंपलों को जांच के लिए मंगलवार की सुबह आईवीआरआई भेजा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें