बरेली। इज्जतनगर-दोहना के बीच रेलवे क्रॉसिंग संख्या 240 पर छह घंटे के ब्लॉक के कारण बुधवार को तीन ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। एक ट्रेन बृहस्पतिवार को निरस्त रहेगी। डीआरएम अंडरपास के लिए रेलवे लाइन के नीचे सीमेंटेड ब्लॉक डालने के लिए अब चार जून को फिर ब्लॉक लिया जाएगा।
इज्जतनगर में डीआरएम अंडरपास का काम रेलवे और उपसा (उप्र राज्य सड़क प्राधिकरण) के बीच विवाद के कारण फंसा हुआ है। उपसा की ओर से नैनीताल हाईवे की खोदाई की अनुमति नहीं मिल सकी है। ऐसे में रेलवे ने फिलहाल रेल लाइनों के नीचे सीमेंटेड ब्लॉक लगाने का काम शुरू किया है। बुधवार रात 9:45 से बृहस्पतिवार तड़के 3:45 बजे तक ब्लॉक के बीच 05307 टनकपुर-बरेली विशेष ट्रेन, 05311/05312 पीलीभीत-टनकपुर-पीलीभीत विशेष ट्रेन को निरस्त कर दिया गया। 05308 बरेली-टनकपुर विशेष ट्रेन बृहस्पतिवार को निरस्त रहेगी। इसी क्रॉसिंग पर दूसरा ब्लॉक चार जून को रात 9:45 से रात 1:45 बजे तक लिया जाएगा। इस दौरान 05307 टनकपुर-बरेली और 05311/05312 पीलीभीत-टनकपुर-पीलीभीत विशेष ट्रेनें निरस्त रहेंगी। पांच जून को 05308 बरेली-टनकपुर विशेष ट्रेन को निरस्त रखा जाएगा।
न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस में दो दिन लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
बरेली। जंक्शन पर ठहराव लेने वाली 19601/19602 उदयपुर सिटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस का संचालन 29 और 30 मई को एसी तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के एक-एक अतिरिक्त कोच के साथ किया जाएगा। इससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। संवाद