बरेली के शाही और शीशगढ़ थाना क्षेत्र में एक ही तरीके से की गई महिलाओं की हत्या का खुलासा कर पुलिस ने साइको किलर कुलदीप को गिरफ्तार किया था। वह इस समय जेल में है। इधर, छह युवतियों की हत्या के मामलों का खुलासा पुलिस के गले की फांस बना हुआ है। सवा साल में इन युवतियों के शव अलग-अलग क्षेत्रों में मिले थे।
इन शवों की पहचान कराना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। सभी शव जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अलग-अलग दिनों में बरामद किए गए थे। हत्या का तरीका भी अलग-अलग ही था। ज्यादातर शव हाईवे से सटे खेतों या झाड़ियों में मिले। अंदेशा है कि यह शव पड़ोसी राज्य उत्तराखंड या प्रदेश के ही दूसरे जिलों के हैं। अधिकतर मामलों में शवों के चेहरे खराब कर दिए गए थे। इस कारण भी उनकी पहचान में अड़चन आ रही है।