बरेली। स्वतंत्रता दिवस पर चलाए गए चेकिंग अभियान में थाना बारादरी पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनसे चोरी की 10 बाइकें बरामद की। गिरोह चोरी की बाइकों को मॉडिफाई कर जुगाड़ वाहन बनाकर बेचता था।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बारादरी थाना परिसर में प्रेसवार्ता के दौरान वाहन चोरी के नए रैकेट का खुलासा किया। बताया कि 15 अगस्त को आधी रात में गरीब शाह कब्रिस्तान हजियापुर के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
जगतपुर चौकी प्रभारी सनी चौधरी और पुलिस टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूमते छह लोगों को टोका। इस पर यह लोग मौके से भागने लगे।
पुलिस टीम ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। पता लगा कि यह वाहन चोर गिरोह हैं जो जिले में सक्रिय है। सरगना मोहल्ला गायत्री नगर निवासी गौतम कुमार है। बाकी आरोपियों में जोगी नवादा का राज राठौर व ध्रुव राठौर, प्रेमनगर का कनिष्क भटनागर, संजय नगर के कपिल राठौर और हजियापुर के अरमान शामिल हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, यहां से दोपहर बाद सभी को जेल भेज दिया गया। ब्यूरो