सिरौली। गांव कल्याणपुर में हुए धमाके के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को एक और महिला सितारा ने भी दम तोड़ दिया। जेल भेजे जाने की वजह से पति नासिर उसे कंधा भी नहीं दे सका। इसके साथ ही धमाके में मृतकों की संख्या छह हो गई है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है।
कल्याणपुर गांव में बुधवार को घर में रखे पटाखों में विस्फोट होने से पांच घर गिर गए थे और पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार सुबह सितारा पत्नी नासिर की इलाज के दौरान मौत हो गई। नासिर को दोपहर बाद ही जेल भेज दिया गया और सितारा का शव शाम को गांव लाया गया। इस वजह से नासिर उसके जनाजे में भी शामिल नहीं हो सका। इससे पहले जिला अस्पताल में रात को ही मृत लाई गई महिला की पहचान सितारा की देवरानी निकहत उर्फ नीना पत्नी हसनैन के रूप में हुई।
बुधवार रात एक बजे तक जेसीबी से मलबा हटाने का काम जारी रहा। वाहिद के दोनों बच्चों हसन व शहजान के शव निकाल लिए गए थे। बृहस्पतिवार को पुलिस-प्रशासन ने आसपास रहने वाले लोगों का ब्योरा जुटाया। कोई और मलबे में दबा नहीं है, यह तस्दीक करने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया। संवाद