बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में एक व्यापारी से तमंचे के बल पर दबंगों ने 40 लाख रुपये के चेकों पर हस्ताक्षर करा लिए। बाद में चेकों की तारीख बदल कर बैंक में दाखिल कर दिए। अब 60 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। पुलिस ने दंपती और उनके बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बारादरी थाना क्षेत्र के आकाशपुरम विस्तार निवासी हफीज अहमद ने बताया कि 25 दिसंबर 2021 को बुखारपुरा निवासी करामत उल्लाह खां उर्फ मुन्ना, उसकी पत्नी रानी और बेटे शारिक उनके घर में घुस आए। तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और सात चेकों पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। इनकी कुल राशि 40 लाख रुपये थी। उसने आरोपियों के खिलाफ 22 मई 2023 को बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजने के बाद चार्जशीट भी दाखिल कर दी। हफीज का आरोप है कि करामत उल्लाह खां और उसके परिवार वालों ने उन्हीं चेकों की तारीख बदलकर धोखाधड़ी की नीयत से बैंक ऑफ बड़ौदा जगतपुर शाखा में पेश कर दिया। बाद में उनको वकील के जरिये नोटिस भेज दिया।
हफीज कहना है कि आरोपी अब उस पर मुकदका दर्ज कराने की धमकी देकर 60 लाख रुपये रंगदारी मांग रहे हैं। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद